राष्ट्रपति भवन तक पहुंचा बिहार का स्टार्टअप, ‘बीरो पावर’ देश के टॉप-5 स्टार्टअप्स में शामिल

पटना: बिहार के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए गर्व की खबर है। राज्य के एग्रीटेक स्टार्टअप बीरो पावर प्राइवेट लिमिटेड का चयन स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ समारोह के लिए देश के शीर्ष पांच स्टार्टअप्स में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल कंपनी, बल्कि बिहार के युवा उद्यमियों और राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए भी बड़ी सफलता मानी जा रही है।

15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह में कंपनी का प्रतिनिधित्व सह-संस्थापक माया रामसमुझ वर्मा करेंगी। कंपनी का चयन कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, किसानों के लिए उपयोगी समाधान और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए किया गया है।

Sponsored Advertisement

बीरो पावर पिछले कई वर्षों से खेती को अधिक उत्पादक, कम खर्चीला और टिकाऊ बनाने वाली तकनीकों पर कार्य कर रही है। विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए विकसित किए गए इसके समाधान ने कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है। कंपनी का उद्देश्य किसानों तक किफायती और स्वदेशी तकनीक पहुंचाकर उत्पादन बढ़ाना और खेती की लागत कम करना है।

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी आधिकारिक आमंत्रण पत्र भारतीय डाक विभाग के माध्यम से पटना स्थित माया रामसमुझ वर्मा के आवास पर पहुंचाया गया। कंकड़बाग उप-मंडल के डाक निरीक्षक विमल दीप कुमार ने अपनी टीम के साथ यह निमंत्रण सौंपते हुए कंपनी को शुभकामनाएं दीं।

बीरो पावर इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्टार्टअप और इनोवेशन मंचों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है, लेकिन राष्ट्रपति भवन के स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रण को कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है। इससे कंपनी की विश्वसनीयता, ब्रांड वैल्यू और निवेशकों का भरोसा और मजबूत होने की उम्मीद है।

सह-संस्थापक माया रामसमुझ वर्मा ने कहा कि यह सम्मान केवल बीरो पावर का नहीं, बल्कि बिहार की नवाचार क्षमता, उद्यमिता और यहां के युवाओं की प्रतिभा का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि उनकी टीम को किसानों के लिए और बेहतर तकनीकी समाधान विकसित करने की नई प्रेरणा देगी। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि बिहार अब स्टार्टअप, नवाचार और तकनीक आधारित उद्यमिता के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

Related Posts

नवगछिया में बस स्टैंड स्थानांतरण को लेकर बढ़ा विवाद, प्रशासन और बस संचालक आमने-सामने

 भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में बस स्टैंड के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर जिला प्रशासन और नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था…

श्रावणी मेले का भव्य आगाज़: सुल्तानगंज हुआ शिवमय, पहले दिन एक लाख से अधिक कांवड़िए बाबा धाम के लिए रवाना

श्रावणी मेले का भव्य आगाज़: सुल्तानगंज हुआ शिवमय, पहले दिन एक लाख से अधिक कांवड़िए बाबा धाम के लिए रवाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *