विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान लाखों कांवरियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार और विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर मेले के दौरान लागू किए गए ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत जानकारी दी।
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि मुंगेर और भागलपुर की ओर से आने वाले सभी बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही रोका जाएगा। इसके बाद उन्हें फोरलेन मार्ग से देवघर, भागलपुर और मुंगेर की ओर भेजा जाएगा। फोरलेन स्थित बाबा चौक के पास भी पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवरिया पथ एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं छोटी गाड़ियों को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से स्टेशन रोड और बाईपास रोड के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
व्यापारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। आवश्यक सामान लेकर आने वाले वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक ही शहर में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके लिए सुल्तानगंज थाना से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कटहरा, असियाचक, कमराय, फोरलेन, तिलकपुर, प्रखंड परिसर, कृष्णगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर कुल आठ अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। इन थानों पर पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, दंडाधिकारी, सेक्टर पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का दावा है कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





