सहरसा जिले के पशुपालन कॉलोनी वार्ड संख्या-12 में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में संवेदक दिनेश प्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके हाथ में लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, सहरसा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
घायल के पुत्र रितेश कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में लंबे समय से अवैध शराब की खरीद-बिक्री का कारोबार चल रहा है। शनिवार की शाम उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके में छापेमारी कर कार्रवाई की थी। छापेमारी के बाद कुछ लोग उनके घर के पास पहुंचे और उनके भाई गोलू के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों का कहना था कि गोलू ही वीडियो और फोटो बनाकर उत्पाद विभाग को सूचना देता है, जिसके कारण उनके खिलाफ छापेमारी हुई।
रितेश कुमार के अनुसार, जब उनके पिता दिनेश प्रसाद यादव ने इस बात का विरोध किया और आरोपियों को ऐसा करने से रोका, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। गोली दिनेश प्रसाद यादव के हाथ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए। परिजनों ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे अवैध शराब के कारोबार का विरोध ही मुख्य वजह है या कोई अन्य कारण भी सामने आता है।
इस गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा







