कोशी क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा की निगरानी में संचालित इस अभियान के तहत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान में आम लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर लोग कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से नशा कारोबारियों की सूचना दे रहे हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 जुलाई से 24 जुलाई 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 2345.03 लीटर अवैध शराब, 49.15 किलोग्राम गांजा, 1396.45 ग्राम स्मैक और 0.3 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा दो देशी कट्टा, 23 मोटरसाइकिल, चार चारपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन, चार इलेक्ट्रिक तराजू तथा 19,920 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस दौरान शराब तस्करी के मामले में 49 और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में 39 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 53,608.305 लीटर अवैध शराब, 2,355.27 लीटर अवैध कफ सिरप, 4,027.666 किलोग्राम गांजा, 5,840.042 ग्राम स्मैक, 8,198 एमएल नशीला इंजेक्शन तथा 325 नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। इसके साथ ही विदेशी पिस्टल, देशी कट्टा, मस्केट, कारतूस, ट्रक, नाव, वाहन, मोबाइल, पासबुक, एटीएम कार्ड और 53,53,544 रुपये भारतीय तथा 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की गई है। इस पूरे अभियान में अब तक 1,505 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को हेल्पलाइन 9060384865 पर साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। पुलिस ने दोहराया कि “नशा मुक्त कोशी” अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहयोग सबसे बड़ी ताकत है और कोशी क्षेत्र पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा








