धनबाद जिले के विनोद नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय-1 में इन दिनों कॉलोनी की नाली का गंदा पानी स्कूल परिसर में भरने से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। विद्यालय आने-जाने के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है। विद्यालय प्रबंधन ने नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी की नालियों का पानी लगातार विद्यालय परिसर में प्रवेश कर रहा है। हल्की बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्कूल के मुख्य मार्ग पर पानी जमा होने से पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आता है। छोटे-छोटे बच्चों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता है। इस दौरान उनके जूते, मोजे और कपड़े भी भीग जाते हैं, जिससे संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
विद्यालय के प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार कॉलोनी के लोगों से नाली के पानी की उचित निकासी की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और विद्यालय की व्यवस्था को देखते हुए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था, इसके बावजूद कॉलोनी का गंदा पानी स्कूल परिसर में छोड़ा जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक भयावह हो सकती है। इससे छात्रों की नियमित पढ़ाई के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
विद्यालय प्रशासन ने नगर निगम और जिला प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में जल्द कदम उठाए जाने चाहिए।





