सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड में एक शादी उस समय टूट गई जब दूल्हे की अजीब हरकतों को देखकर लड़की पक्ष ने शादी से साफ इंकार कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने बारात को घेर लिया और तिलक की राशि लौटाने की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे समेत उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया।

घटना सत्तरकटैया प्रखंड क्षेत्र के सत्तर गांव वार्ड संख्या दो की है, जहां रविवार रात पूर्णिया जिले से बारात पहुंची थी। बताया जाता है कि दरवाजे पर पहुंचते ही दूल्हा रौनक कुमार अजीब-अजीब हरकतें करने लगा। उसकी गतिविधियों को देखकर लोगों को शक हुआ कि उसने नशा कर रखा है। हालांकि कुछ लोग उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की भी बात कह रहे हैं।

 

स्थानीय ग्रामीणों और लड़का पक्ष के लोगों ने दूल्हे को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकतें लगातार जारी रहीं। स्थिति बिगड़ती देख लड़की पक्ष के परिजनों ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने बारात को घेर लिया।

 

ग्रामीणों और लड़की पक्ष ने तिलक की राशि और शादी में हुए खर्च वापस करने की मांग की। विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दूल्हे रौनक कुमार और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर थाना ले गई।

 

ग्रामीणों के दबाव के बाद लड़का पक्ष ने तिलक के तीन लाख बीस हजार रुपये और दरवाजे के खर्च सहित कुल पांच लाख रुपये लौटाने पर सहमति जताई। इसके बाद बारात को वापस जाने दिया गया, जबकि राशि लौटने तक दूल्हे और उसके माता-पिता को पुलिस निगरानी में रखा गया।

 

सोमवार सुबह भी दूल्हा उसी तरह की हरकतें करता दिखा। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में होती रही और लड़की पक्ष के घर में मायूसी का माहौल बना रहा।

 

बिहरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लड़के की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला शांत करा दिया गया है।