
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने में अब महज नौ दिन शेष हैं। ऐसे में प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को भागलपुर के अपर समाहर्ता (एडीएम) धीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम और नमामि गंगे घाट का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्यम राज, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी हेमलता कुमारी, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट और प्रखंड मुख्यालय परिसर का निरीक्षण कर कांवरियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उद्घाटन स्थल की तैयारी, गंगा घाट पर बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ टीम की तैनाती, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, कांवरिया ठहराव स्थल, शौचालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई।
एडीएम धीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं व्यवस्था संबंधी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि मेले के शुभारंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जाएं।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय पर कार्य पूरा करें।
प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





