भागलपुर में कोरोना की फिर दस्तक, बुजुर्ग मरीज कोविड पॉजिटिव; मायागंज अस्पताल के ICU में भर्ती

बिहार के भागलपुर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे एक बुजुर्ग मरीज की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन कोविड प्रोटोकॉल के तहत मरीज का इलाज कर रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं, बल्कि सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

जानकारी के अनुसार, मरीज पिछले सात दिनों से लगातार खांसी, जुकाम और तेज बुखार से पीड़ित थे। शुरुआत में उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने कोविड संक्रमण की आशंका के मद्देनजर आरटी-पीसीआर जांच कराई। निजी लैब से आई रिपोर्ट में मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

 

मायागंज अस्पताल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज की कोविड रिपोर्ट निजी लैब में पॉजिटिव आई है। अब सरकारी स्तर पर भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कोविड मरीजों के इलाज की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और मरीज की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

मरीज के परिजनों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उन्हें लगातार खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जब कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई तो डॉक्टरों ने तत्काल मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि लगातार बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायत हो तो लापरवाही न करें। तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यकता पड़ने पर कोविड जांच जरूर कराएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें, हाथों की स्वच्छता बनाए रखें तथा लक्षण होने पर मास्क का उपयोग करें।

 

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है। सरकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

 

संवाददाता: रजनीश कुमार, भागलपुर

Related Posts

सहरसा में अपराध की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

सहरसा में अपराध की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

नेपाल की बारिश से बिहार बेहाल! लखीसराय-मुंगेर में बाढ़ जैसे हालात, रेलवे ट्रैक डूबे, स्कूल बंद, गांवों का टूटा संपर्क

नेपाल की बारिश से बिहार बेहाल! लखीसराय-मुंगेर में बाढ़ जैसे हालात, रेलवे ट्रैक डूबे, स्कूल बंद, गांवों का टूटा संपर्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *