मानसून से पहले धनबाद नगर निगम अलर्ट, जलजमाव से निपटने के लिए मेयर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मानसून के दौरान हर वर्ष जलजमाव की समस्या से जूझने वाले धनबाद शहर को इस बार राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और संभावित जलभराव से निपटने के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने निगम अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। बैठक में शहर के संवेदनशील इलाकों की स्थिति की समीक्षा करते हुए त्वरित और दीर्घकालिक समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, जलजमाव से प्रभावित स्थानों की पहचान, उपलब्ध संसाधनों तथा आवश्यक मशीनों की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। मेयर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फिलहाल अन्य कार्यों की अपेक्षा जलजमाव से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

बैठक के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डी-वाटरिंग मशीनों की खरीदारी पर भी चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि नगर निगम बोर्ड की पिछली बैठक में जलभराव वाले क्षेत्रों से तेजी से पानी निकालने के लिए डी-वाटरिंग मशीनों की खरीद का प्रस्ताव पहले ही पारित किया जा चुका है। अब उस प्रस्ताव को जल्द अमल में लाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

 

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शहर के जिन क्षेत्रों में हर साल जलभराव की समस्या होती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नालों की नियमित सफाई, जलनिकासी मार्गों से अतिक्रमण हटाने और आपात स्थिति से निपटने की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

नगर निगम का कहना है कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उद्देश्य यही है कि इस वर्ष शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से अधिकतम राहत मिल सके।

राजेश कुमार धनबाद

Related Posts

जननेता एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

धनबाद जननेता, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक स्वर्गीय एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को धनबाद में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। नूतनडीह मोड़ स्थित केंद्रीय…

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *