समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; SIT गठित

बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। वैनी थाना क्षेत्र के केजिया गांव में स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्रा रोज की तरह स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर घर से पढ़ाई के लिए निकली थी। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही छात्रा जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टिगेशन यूनिट (डीआईयू) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में छात्रा को तीन गोलियां लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

सदर-1 एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने बताया कि यह बेहद जघन्य अपराध है और पुलिस इस मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिवार ने हत्या के संभावित कारणों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी पुलिस को दी है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Posts

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

सहरसा में अपराध की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

सहरसा में अपराध की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *