मैथन में छापेमारी से लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, एक जवान की मौत; तीन घायल

धनबाद : हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी के लिए पहुंची थी। छापेमारी के दौरान आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक जवान की पहचान रामलखन यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में नरेश यादव (37 वर्ष), ग्रीन पासवान (37 वर्ष) तथा सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (करीब 35 वर्ष) शामिल हैं।

Sponsored Advertisement

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी में तैनात एसआई विनोद कुर्जू ने बताया कि चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी करने आई थी। कार्रवाई के बाद सरकारी वाहन से लौटने के दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में एक जवान की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

वहीं घायल जवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार है।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    जामताड़ा में दुर्गा पूजा-दीपावली को लेकर पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

    जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में पुलिस और व्यापारियों की महत्वपूर्ण समन्वय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *