दुबई में गोपालगंज के युवक की दर्दनाक मौत, कथित मिसाइल हमले में गई मर्चेंट नेवी इंजीनियर की जान


गोपालगंज के थावे प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दुबई में मर्चेंट नेवी के जहाज पर कार्यरत 30 वर्षीय युवक सोनू कुमार गुप्ता की कथित मिसाइल हमले में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान थावे बाजार निवासी व्यवसायी संजय गुप्ता के बेटे सोनू कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। सोनू पिछले चार वर्षों से दुबई की एक शिपिंग कंपनी में मर्चेंट नेवी मरीन इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, वह करीब 20 दिन पहले छुट्टी बिताकर घर से दुबई लौटे थे और फिर अपनी ड्यूटी पर जहाज में तैनात हो गए थे।
सोमवार रात सोनू के सहकर्मियों ने फोन कर परिवार को हादसे की जानकारी दी। सहकर्मियों के अनुसार, ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किए जा रहे हमलों के दौरान जहाज के पास आग का गोला और मलबा आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सहकर्मियों ने यह भी बताया कि लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और जहाज पर मौजूद सभी कर्मचारी दहशत में हैं।
परिजनों का दावा है कि सऊदी अरब के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के समुद्री क्षेत्र में जहाज पर कथित तौर पर मिसाइल गिरी थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों या कंपनी की ओर से अभी तक नहीं हुई है। परिवार अब केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से सोनू का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की मांग कर रहा है।
सोनू परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता थावे बाजार में जूता-चप्पल की दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। विदेशी टोला स्थित उनके आवास पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। स्थानीय लोग और रिश्तेदार लगातार परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। पूरे थावे क्षेत्र में इस घटना से गहरा शोक और मातम का माहौल है।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    जामताड़ा में दुर्गा पूजा-दीपावली को लेकर पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

    जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में पुलिस और व्यापारियों की महत्वपूर्ण समन्वय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *