मधुबनी में नशे और विदेशी करेंसी रैकेट का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार, लाखों की नेपाली मुद्रा और कोडीन सिरप बरामद


बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय नशीली दवाओं और विदेशी करेंसी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। विशेष छापेमारी अभियान में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की नेपाली और भारतीय मुद्रा, प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप तथा अन्य सामान बरामद हुआ है।
मधुबनी के लदनियां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कड़हरवा गांव के पास घेराबंदी कर बाइक सवार ब्रह्मदेव कुमार राम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसकी बाइक से करीब 19 लीटर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पिपराही निवासी शम्भू प्रसाद साह के साथ मिलकर नेपाली करेंसी के बदले भारतीय रुपये का लेन-देन करता था और उसी रकम को कोडीन सिरप के अवैध कारोबार में लगाकर मुनाफा बांटता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खाजेडीह चौक स्थित बबलू मेडिकल हॉल में छापेमारी की। यहां से संचालक बब्लू कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। दुकान से नौ बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में बब्लू ने बताया कि वह अपने भाई दीपक चौधरी के साथ मिलकर नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में ऊंचे दाम पर सिरप की तस्करी करता था।

Sponsored Advertisement

इसके बाद पुलिस ने शम्भू प्रसाद साह के ठिकाने पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी और भारतीय मुद्रा बरामद की। बरामदगी में 11 लाख 42 हजार 100 रुपये नेपाली करेंसी, 750 रुपये नकली नेपाली नोट, 5 लाख 33 हजार 101 रुपये भारतीय मुद्रा, 6 सऊदी रियाल, 5 यूएई दिरहम और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। तीनों आरोपियों के खिलाफ लदनियां थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय इस अवैध नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    नाथनगर में चारे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *