मोतिहारी DEO कार्यालय में पत्नी का वेतन दिलाने पहुंचे पति की मौत, 4 साल से बकाया भुगतान के लिए काट रहे थे चक्कर

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय में रविवार को एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई। पत्नी का चार साल से रुका वेतन दिलाने के लिए लगातार कार्यालय का चक्कर लगा रहे 45 वर्षीय अरविंद कुमार की कार्यालय परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के समय उनके साथ उनकी 17 वर्षीय बेटी अनुष्का और 15 वर्षीय बेटा अमित भी मौजूद थे। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

 

Sponsored Advertisement

मृतक अरविंद कुमार शहर के चांदमारी दुर्गा मंदिर, वार्ड संख्या-26 के निवासी थे। उनकी पत्नी रश्मी स्वराज गायघाट के उजयन लोहियार स्कूल में शिक्षिका हैं, जिनका वेतन पिछले चार वर्षों से बंद है। परिवार के अनुसार, वे EVN नंबर बनवाने और बकाया वेतन जारी कराने के लिए लगातार DEO कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। वेतन बंद होने से परिवार आर्थिक संकट में था और कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा था।

 

रविवार को भी अरविंद कुमार अपनी पत्नी के वेतन संबंधी कार्य को पूरा कराने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे चक्कर खाकर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 

बेटी अनुष्का ने बताया कि उनके पिता पिछले चार वर्षों से हर बार उम्मीद लेकर कार्यालय आते थे, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता था। वहीं पत्नी रश्मी स्वराज ने कहा कि वेतन बंद होने से परिवार पूरी तरह टूट चुका था और अब पति के निधन के बाद भविष्य की चिंता और बढ़ गई है।

 

घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी ने कहा कि शिक्षिका का वेतन लंबित था और अधिकारियों को दो दिनों के भीतर बकाया भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सरकारी प्रावधानों के अनुसार परिवार को सहायता राशि दिलाने की बात कही गई है।

 

हालांकि डीईओ के इस बयान के बाद सवाल उठ रहे हैं कि यदि भुगतान दो दिनों में संभव था तो चार वर्षों तक मामला लंबित क्यों रखा गया। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    नाथनगर में चारे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *