कारगिल वीर शहीद प्रबोध महतो के स्मारक निर्माण की शुरुआत, भूमि पूजन के साथ वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

नावा बाजार (पलामू): देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल युद्ध के वीर शहीद हवलदार प्रबोध महतो की स्मृति में बनने वाले स्मारक का सपना अब साकार होने लगा है। लंबे समय से ग्रामीणों और शहीद के परिजनों द्वारा उठाई जा रही मांग शनिवार को भूमि पूजन के साथ नई दिशा में बढ़ गई। तुकबेरा पंचायत भवन परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ स्मारक निर्माण का भूमि पूजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रेणु बाला, नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव, एसडीएम, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि सह पूर्व जिला पार्षद अनुज राम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शहीद हवलदार प्रबोध महतो के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

Sponsored Advertisement

अधिकारियों ने कहा कि यह स्मारक केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का प्रेरणास्थल बनेगा। इससे युवाओं को शहीदों के त्याग और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी तथा उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

शहीद के परिजनों ने भूमि पूजन को भावनात्मक क्षण बताते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से स्मारक निर्माण की मांग की जा रही थी। आज भूमि पूजन होने से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की भावनाओं का सम्मान हुआ है। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

गौरतलब है कि कारगिल युद्ध में दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले वीर शहीद प्रबोध महतो की शौर्यगाथा लंबे समय तक लोगों की जानकारी से दूर रही। स्थानीय स्वतंत्र पत्रकार नसीब खलीफा ने विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से उनकी वीरता और बलिदान को सामने लाकर समाज और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। इसके बाद स्मारक निर्माण की मांग ने गति पकड़ी और अब उसका सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम में मुखिया विनोद विश्वकर्मा, राजनाथ पाल, संतोष पाल, अजय मेहता, रविंद्र पासवान, सत्यनारायण पाल, देवनारायण पाल, विजय पाल, कारगिल शहीद समिति तुकबेरा के अध्यक्ष कपिलदेव ठाकुर, सचिव रामप्रवेश पाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    जामताड़ा में दुर्गा पूजा-दीपावली को लेकर पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

    जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में पुलिस और व्यापारियों की महत्वपूर्ण समन्वय…

    बाईपास थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी, बंद घर का ताला तोड़कर नगदी और आभूषण ले गए चोर

    भागलपुर। बाईपास थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोर गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। चोरों ने बैजानी मकससपुर के ब्राह्मण टोला स्थित एक बंद घर को…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *