बांका डबल मर्डर केस: रांची से पकड़ा गया मुख्य शूटर, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

बांका: बिहार के बांका जिले के चर्चित बलिया डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 5 जुलाई को हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन कुमार उर्फ सचिन सिंह को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, बांका लाने के बाद हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के बाद मामले के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने घटना के 72 घंटे के भीतर एक आरोपी सोमनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार छापेमारी करते हुए शुक्रवार को रांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित अमृत होटल से मुख्य आरोपी सचिन सिंह को दबोच लिया गया।

Sponsored Advertisement

पूछताछ के दौरान सचिन ने स्वीकार किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उसने बलिया गांव के जंगल में छिपा रखी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम हथियार बरामद करने पहुंची। पुलिस के अनुसार, जंगल में पहुंचते ही आरोपी ने अचानक धक्का-मुक्की कर खुद को छुड़ाने की कोशिश की और छिपाई गई पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल सचिन को पहले बांका सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि सचिन सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बिजली अधिनियम और अवैध खनन सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

गौरतलब है कि 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में गुंजन कुमार सिंह (34) और सिंधु कुमार (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या 393/26 दर्ज कर एसआईटी जांच शुरू की गई थी। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे षड्यंत्र की गहन जांच जारी है।

  • Related Posts

    पति की मारपीट से प्रताड़ित महिला पहुंची राष्ट्रीय मानवाधिकार कार्यालय, महिला थाना ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

    भागलपुर। घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला अपने पिता के साथ शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था के कार्यालय पहुंची और पति द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट एवं प्रताड़ना…

    धनबाद में रंजय सिंह हत्याकांड पर फैसला टला, अगली तारीख का ऐलान नहीं; कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा

    धनबाद: जिले के बहुचर्चित रंजय सिंह हत्याकांड में शनिवार को आने वाला फैसला टल गया। धनबाद न्यायालय में आज इस मामले में फैसला सुनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन न्यायालय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *