बगहा के हॉस्टल में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; दो शिक्षक हिरासत में

बगहा: बिहार के बगहा में एक निजी विद्यालय के छात्रावास में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मामला पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित हरनाटांड़ के एक निजी स्कूल सह छात्रावास का है। मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मामले में दो शिक्षकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह प्रिंस कुमार का शव हॉस्टल के कमरे में उसके बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

Sponsored Advertisement

मृतक के पिता राज किशोर शर्मा का आरोप है कि घटना से एक रात पहले विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि प्रिंस के शरीर, विशेषकर आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की पिटाई के कारण उनके बेटे की मौत हुई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना पर रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार तथा फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।

रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्र के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसी आधार पर शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    पति की मारपीट से प्रताड़ित महिला पहुंची राष्ट्रीय मानवाधिकार कार्यालय, महिला थाना ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

    भागलपुर। घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला अपने पिता के साथ शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था के कार्यालय पहुंची और पति द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट एवं प्रताड़ना…

    धनबाद में रंजय सिंह हत्याकांड पर फैसला टला, अगली तारीख का ऐलान नहीं; कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा

    धनबाद: जिले के बहुचर्चित रंजय सिंह हत्याकांड में शनिवार को आने वाला फैसला टल गया। धनबाद न्यायालय में आज इस मामले में फैसला सुनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन न्यायालय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *