धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी SNMMCH में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर युवा आजसू ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने अस्पताल अधीक्षक और आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर युवा आजसू नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर 11 सूत्री मांगपत्र भी सौंपा है।


युवा आजसू के नेता हीरालाल महतो ने बताया कि संगठन की ओर से पहले भी अस्पताल में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासन को पत्र भेजा गया था। इसके बाद उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर जांच के लिए एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट नारायण Ram SNMMCH पहुंचे, जहां युवा आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में आउटसोर्सिंग व्यवस्था, सफाई, सुरक्षा, मरीजों की सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों में कथित गड़बड़ियों को लेकर विस्तार से अपनी बातें रखीं। साथ ही 11 सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए कई दस्तावेज और प्रमाण भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए।

युवा आजसू नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि अस्पताल अधीक्षक और आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अस्पताल की व्यवस्था पारदर्शी बने और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष पप्पू सिंह, सांसद प्रतिनिधि सौरभ महतो, लाली महतो, युवा नेता अभिषेक मेहता, दिगम्बर महतो, गोपाल, अमित और सूरज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अब इस पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो अस्पताल की व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

संवाददाता – नीतीश कुमार, धनबाद