झारखंड के पलामू जिले में सदर थाना पुलिस को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देसी सिक्सर (रिवॉल्वर), छह जिंदा कारतूस और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:40 बजे दुबीयाखांड की ओर जाने वाले चेक पोस्ट पर नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर एक आरोपी की कमर से छह राउंड क्षमता वाला देसी सिक्सर बरामद हुआ। इसके साथ ही छह जिंदा कारतूस भी मिले। हथियार से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने हथियार, कारतूस और जेएच-03 एजी-3128 नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 72/26, दिनांक 4 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 26 एवं 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चियांकी टोला कुसुमटांड़ निवासी 28 वर्षीय प्रकाश कुमार सिंह, 23 वर्षीय रवि प्रजापति तथा चियांकी डीएवी चौक निवासी 50 वर्षीय सुदर्शन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद हथियार और कारतूस की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनका किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है। छापेमारी दल में एएसआई बसंत कुमार दुबे के साथ श्रवण कुमार मेहता, संजय राम, मनीष कुमार दुबे, शैलेश कुमार शुक्ला एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू






