मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार का कहर: फॉर्च्यूनर की टक्कर से दो सहेलियों की मौत, वाहन मालिक की जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में तेज रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बोचहां थाना क्षेत्र के आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी सवार दो युवतियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और फॉर्च्यूनर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी।

मृतक युवतियों की पहचान शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी और 22 वर्षीय निशु कुमारी के रूप में हुई है। दोनों सहेलियां थीं और एक निजी फाइनेंस कंपनी में महिला समूहों के साथ फील्ड वर्कर के तौर पर काम करती थीं। शनिवार को दोनों स्कूटी से मुजफ्फरपुर शहर जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

Sponsored Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि नेहा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल निशु कुमारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर बोचहां थाना पुलिस पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में चालक भी घायल हुआ, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह और वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर (नंबर BR-11BB-0001) पूर्णिया की भाजपा से जुड़ी एक महिला नेत्री के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन के स्वामित्व, चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • Related Posts

    कविताओं से बाल बंदियों की जिंदगी बदल रहीं गया की शिक्षिका सुधा मिश्रा, भटके बच्चों को दिखा रहीं सही राह

    कविताओं से बाल बंदियों की जिंदगी बदल रहीं गया की शिक्षिका सुधा मिश्रा, भटके बच्चों को दिखा रहीं सही राह

    बिहार में सड़क हादसों का खौफनाक आंकड़ा, हर साल 10 हजार से ज्यादा मौतें; सबसे ज्यादा निशाने पर युवा

    बिहार में सड़क हादसों का खौफनाक आंकड़ा, हर साल 10 हजार से ज्यादा मौतें; सबसे ज्यादा निशाने पर युवा

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *