चास के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा; लापरवाही का लगाया गंभीर आरोप

बोकारो जिले के चास स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही और गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर चास पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, चंदनक्यारी प्रखंड की रहने वाली रम्पा स्वर्णकार को कॉपर-टी निकलवाने और बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए 27 जून को चास स्थित स्वामी विवेकानंद पथ स्थित प्रेडेंस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।

 

परिजनों का कहना है कि दूसरे अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि पहले किए गए ऑपरेशन में गंभीर त्रुटि हुई है। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कट जाने से महिला की हालत बेहद नाजुक हो गई थी, जिसके बाद दोबारा ऑपरेशन करना पड़ा। हालांकि दूसरी सर्जरी के कुछ घंटों बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 3 जुलाई की रात करीब 10 बजे महिला की मौत हो गई।

 

मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग प्रेडेंस हॉस्पिटल पहुंच गए और अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर दिया और डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

 

मृतका के परिजन सनातन कुमार पाल ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हंगामे की सूचना पर पहुंची चास पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो

Related Posts

6 दिनों से अंधेरे में डूबा तिलाबनी का जबड़ा टोला, ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बिजली ठप; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

6 दिनों से अंधेरे में डूबा तिलाबनी का जबड़ा टोला, ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बिजली ठप; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सहरसा सलखुआ में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार

सहरसा सलखुआ में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *