भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार, एडीटीओ संजय कुमार, एमबीआई एस.एन. मिश्रा, डीटीओ बिजेंयान्त कुमार और अंचलाधिकारी अनुज कुमार झा ने विभिन्न प्रस्तावित वाहन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन स्थानों का चयन किया जहां श्रावणी मेला के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि श्रावणी मेला को लेकर पार्किंग व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत प्रखंड मुख्यालय परिसर, गांधी घर तिलकपुर, बाईपास रोड, भूदान, मसदी फोरलेन तथा बाबा चौक के समीप वाहन पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मेला अवधि में लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों के सुचारु संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए पहले से व्यापक योजना तैयार की गई है। पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अजगैविनाथ मंदिर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। इस अवसर पर सुल्तानगंज थाना की पुलिस टीम सहित परिवहन, राजस्व और प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। पार्किंग और यातायात प्रबंधन को इस बार विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।





