भागलपुर: भागलपुर में पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बरारी थाना क्षेत्र के सुरखीकल निवासी एवं पेशे से टोटो चालक सुनील कुमार की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है, जबकि मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सुनील कुमार की अपनी पत्नी चंदा देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद उन्होंने टोटो की चाबी घर में रख दी और पत्नी से कहा कि वह पंजाब जा रहे हैं। हालांकि, वह पंजाब जाने के बजाय हवाई अड्डे के समीप गोपालपुर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। बताया जाता है कि वहां कोई रेलवे स्टेशन नहीं है। परिजनों का कहना है कि गुस्से और आवेश में उन्होंने गुजर रही ट्रेन के सामने जाकर अपनी जान दे दी।
मृतक के भाई विपीन कुमार ने बताया कि परिवार को इस तरह के कदम की कोई आशंका नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, घटनास्थल औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र में होने की बात सामने आने पर संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना की पुलिस करीब दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।






