बोकारो में ट्रेडमार्क विवाद पर बड़ी कार्रवाई, नमकीन फैक्ट्री सील; खाद्य उत्पादों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

बोकारो के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में ट्रेडमार्क विवाद को लेकर एक नमकीन और फिंगर पापड़ फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की गई है। फूड इंस्पेक्टर की टीम ने चोरा बस्ती स्थित कन्हा फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री में छापेमारी कर उसे सील कर दिया। आरोप है कि फैक्ट्री में ‘श्री ओम’ नाम से ऐसे उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे थे, जो ‘ओम’ ब्रांड से मिलते-जुलते हैं। हालांकि फैक्ट्री संचालक ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्होंने संबंधित ट्रेडमार्क के लिए पहले ही आवेदन कर रखा है।

 

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान जांच में पाया गया कि फैक्ट्री के पास खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का वैध लाइसेंस मौजूद है, लेकिन जिस ट्रेडमार्क नाम से उत्पादों की बिक्री की जा रही थी, उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

 

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ‘ओम’ ब्रांड की लीगल टीम के आईपी इन्वेस्टिगेशन रीजनल ऑफिसर ततन बनर्जी की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले लगभग दो वर्षों से ‘श्री ओम’ नाम से ऐसे उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं, जिनसे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और मूल ब्रांड के कारोबार को नुकसान पहुंच रहा है।

 

फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रेडमार्क विवाद उनके विभाग के अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं है। हालांकि खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए नमकीन और अन्य उत्पादों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री को फिलहाल सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं कन्हा फूड प्रोसेसिंग के संचालक मिथिलेश प्रसाद ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने ‘श्री ओम’ नाम से ट्रेडमार्क के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता के पास ‘ओम’ नाम का ट्रेडमार्क है, जबकि उनका आवेदन अलग नाम से है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस और संबंधित विभाग कर रहे हैं।

 

संवाददाता : चंदन सिंह

Related Posts

धनबाद रेलवे पार्किंग में अवैध वसूली का आरोप, टोटो चालकों का डीआरएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन

धनबाद रेलवे पार्किंग में अवैध वसूली का आरोप, टोटो चालकों का डीआरएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन

धनबाद पुलिस की नई पहल: दागियों को सुधार का मौका, एसएसपी ने कहा- अपराध छोड़ें, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई

धनबाद पुलिस की नई पहल: दागियों को सुधार का मौका, एसएसपी ने कहा- अपराध छोड़ें, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *