सहरसा में किसान की पीट-पीटकर हत्या, दो महीने पुराने विवाद में आधी रात घर में घुसकर हमला

सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में दो महीने पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। उटेशरा वार्ड संख्या-3 में मंगलवार की देर रात एक किसान की कथित तौर पर घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

 

Sponsored Advertisement

मृतक की पहचान उटेशरा निवासी 45 वर्षीय शत्रुघ्न यादव, पिता जगदीश यादव, के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मीना देवी, दो बेटे और एक बेटी हैं। एक बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा अविवाहित है। पति की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

परिजनों के अनुसार करीब दो महीने पहले गांव के ही घनश्याम यादव के पुत्र सचिन उर्फ बिट्टू से शत्रुघ्न यादव का विवाद हुआ था। आरोप है कि सचिन शराब के नशे में तेज रफ्तार बाइक चला रहा था, जिसका विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बाद में पंचायत के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौता कराया गया और 50 हजार रुपये का बांड भरवाकर भविष्य में विवाद नहीं करने का आश्वासन लिया गया था।

 

मृतक के बेटे का आरोप है कि मंगलवार की रात करीब 12 बजे सचिन उर्फ बिट्टू अपने 9 से 10 साथियों के साथ घर पहुंचा। उस समय शत्रुघ्न यादव और उनकी पत्नी सो रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बिस्तर से नीचे उतारकर लाठी, रॉड और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल शत्रुघ्न यादव को पहले सलखुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में रात करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई।

 

सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

 

संवाददाता : इन्द्रदेव जी

  • Related Posts

    सहरसा में उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ ‘मटका फोड़’ कार्यक्रम, शिवम फौजी फैक्ट्री ने हासिल किया प्रथम स्थान

    सहरसा: शहर के शिवपुरी, वार्ड नंबर-05 में श्री कृष्ण युवा शक्ति समिति की ओर से आयोजित पारंपरिक ‘मटका फोड़’ कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय…

    मंत्री के स्वागत में पहुंचे JDU नेता की 7 लाख की सोने की चेन गायब, पुलिस ने शुरू की जांच

    मंत्री के स्वागत में पहुंचे JDU नेता की 7 लाख की सोने की चेन गायब, पुलिस ने शुरू की जांच

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *