बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े छात्र की वज्रपात से मौत, परिवार में मचा कोहराम

बोकारो सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो हवाई अड्डा के समीप सोमवार को वज्रपात की चपेट में आने से 19 वर्षीय छात्र आलोक कुमार तुरी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक सेक्टर-1सी, क्वार्टर नंबर-1074 के सेमी परमानेंट निवासी था।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए आलोक कुमार तुरी एयरपोर्ट के समीप एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में वह आ गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे गंभीर हालत में तत्काल बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

परिजनों ने बताया कि आलोक सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी मौसी से मिलने जा रहा है। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

 

मृतक के पिता लक्ष्मण तुरी एडीएम बिल्डिंग परिसर में वर्षों से एक छोटी चाय की दुकान चलाते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सदर अस्पताल में मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और आसपास के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

 

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने के खतरे को उजागर किया है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह देता रहा है। आलोक की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

 

संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो

Related Posts

धनबाद बलियापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

धनबाद बलियापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश; चार आरोपी गिरफ्तार

धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश; चार आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *