मामला नवगछिया इलाके के एक विद्यालय का है। विद्यालय के प्रधानाचार्य की कार्यशैली और उनके ज्ञान की यहां खूब चर्चा हो रही है। एक वीडियो लगातार वायरल हो रहा है।
भागलपुर । बिहार की शिक्षा व्यवस्था ऐसी है कि अनोखे किस्से सामने आते ही रहते हैं। ताजा मामला सिल्क सिटी भागलपुर के नवगछिया का है। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन ने कोसी पार पंचायत खैरपुर कदवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, वे जब पंचायत के विद्यालयों में गए तो एक विद्यालय के प्रधानाचार्य कक्ष को देख चौंक उठे। प्रिंसिपल से उन्होंने कुछ सवाल किए, जिनका जवाब सुन अधिकारी माथा पकड़ लिया।
प्राथमिक विद्यालय चांय टोला खैरपुर कदवा
पूरा वकया, प्राथमिक विद्यालय चांय टोला खैरपुर कदवा का है, जहां विद्यालय के कार्यालय के सामने रंगीन पेंट से कार्यालय की जगह “कार्यलाय” लिखा मिला। बीडीओ ने प्रिंसिपल पवन कुमार से इसपर सवाल किया तो सर बोल उठे, ‘ये बच्चों की करतूत है।’ खैर, बात यहीं नहीं थमी। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रिंसिपल से 50 में दो से भाग देने को कहा। इसपर प्रिंसिपल हकला उठे और काफी देर बाद जो जवाब दिया, वो हैरान कर देने वाला रहा।
प्रिंसिपल नहीं दे पाए जवाब
प्रिंसिपल में ऑरेंज समेत कुछ अंग्रेजी स्पेलिंग का भी ज्ञान जीरो बट्टा सन्नाटा रहा। इस दौरान बीडीओ ने मामले का वीडियो रिकॉर्ड करवाया, यही वीडियो अब लीक हो चुका है। जिसे देख लोग हंस रहे हैं और सवाल कर रहे हैं कि सरकारी व्यवस्था में ये दाग कब तक रहेगा?
20 प्रतिशत बच्चे आए थे स्कूल में
विद्यालय में 112 बच्चे नामांकित हैं। मात्र 25 से 30 बच्चे ही उपस्थित थे। पांच कक्षाएं हैं। चार शिक्षक यहां नियुक्त हैं। शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक कोई भी पठन-पाठन में रूचि नहीं लेते। प्रधानाध्यापक पवन कुमार ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी को सामने देखकर हम हड़बड़ा गए। इसीलिए स्पेलिंग का जवाब सही से नहीं दे पाए।
प्रधानाध्यापक पर कई आरोप हैं
प्रधानाध्यापक पर यह भी आरोप लगा कि घर बगल में रहने के कारण विद्यालय में सेल्फी लेने के बाद वे घर चले जाते हैं। मध्याह्न भोजन भी नहीं बना था। रसोईया ने बताया कि समान प्रधानाध्यापक नहीं देते हैं। हम लोग बैठ कर चले जाते हैं। साफ-सफाई का भी विद्यालय में अभाव था।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार झा ने बताया कि शिकायत मिली है कि विद्यालय में मध्यान भोजन भी नहीं बनाता है। मध्याह्न भोजन बीआरपी से रिपोर्ट तलब किया है।