केनगर थाना क्षेत्र के बनभाग चुनापुर पंचायत के चुनापुर नवटोलिया गांव में एक भैंसा ने अपनी तेज नुकीले सिंगों से वार कर एक 14 वर्षीय बालक के आंत को फाड़कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे की बतायी जाती है। घायल बालक का नाम गोलू कुमार है और वह नवटोलिया निवासी राजेश कुमार यादव का पुत्र है। जानकारी के अनुसार बालक गोलू कुमार गुरुवार सुबह शौच के लिए शौचालय की ओर जा रहा था इसी क्रम में सड़क किनारे खड़े भैंसा ने उस पर हमला कर दिया। परिजन एवं पास पड़ोसियों ने दौड़ कर भैंसा को भगाया और बच्चे को उठाया। घटना में बालक गोलू की आंत फट गयी है। परिजन गंभीर रूप से घायल बालक गोलू को अविलंब इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूर्णिया ले गये। चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति देख जरूरी उपचार करते हुए उसे भागलपुर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इससे पूर्व में कई लोग इस भैंसा के शिकार हो गए हैं।
