
सहरसा। जिले में किसानों की बदहाल स्थिति और खेती में लगातार बढ़ती लागत को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीएम ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीपीएम राज्य सचिव मंडल सदस्य सह सहरसा जिला सचिव कामरेड रणधीर यादव ने कहा कि किसानों की खेती पर चौतरफा हमला हो रहा है। एक तरफ मौसम की मार से धान की पैदावार कम हुई है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्तर पर धान की खरीद नहीं होने और खाद-बीज की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
रणधीर यादव ने कहा कि इस वर्ष बारिश की कमी के कारण धान की खेती प्रभावित हुई और किसानों को अपेक्षा से कम उपज मिली। इसके बावजूद किसान किसी तरह धान की फसल तैयार कर अब रबी फसल गेहूं, मक्का, तेलहन और दलहन की बुआई के लिए धान बेचना चाहते हैं। लेकिन पैक्स द्वारा सरकारी नीतियों के कारण धान की खरीद नहीं की जा रही है। मजबूरी में किसानों को स्थानीय व्यापारियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि खेती में इस्तेमाल होने वाले खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। डीएपी खाद का 45 किलो का पैकेट 2300 रुपये से अधिक में मिल रहा है। वहीं मक्का का बीज 750 रुपये प्रति किलो और गेहूं का बीज 80 से 90 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। डीजल की महंगाई के कारण खेत की एक बार जुताई पर प्रति बीघा 2000 रुपये से अधिक खर्च हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को सरकारी दर पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जबकि बिचौलियों और दुकानदारों की चांदी कट रही है। किसानों को न तो उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही खेती के लिए जरूरी संसाधन सस्ती दर पर उपलब्ध हो रहे हैं।
सीपीएम जिला सचिव ने सरकार से मांग की कि पैक्स के माध्यम से किसानों का धान तत्काल खरीदा जाए और 24 घंटे के भीतर उचित मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खाद, बीज और कीटनाशक दवाएं उचित सरकारी दर पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो सीपीएम किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जवाबदेही सरकार और प्रशासन की होगी।





