किसानों की खेती पर चौतरफा हमला, धान खरीद से लेकर खाद-बीज की महंगाई तक पर भड़की सीपीएम, आंदोलन की चेतावनी : रणधीर यादव

सहरसा। जिले में किसानों की बदहाल स्थिति और खेती में लगातार बढ़ती लागत को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीएम ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीपीएम राज्य सचिव मंडल सदस्य सह सहरसा जिला सचिव कामरेड रणधीर यादव ने कहा कि किसानों की खेती पर चौतरफा हमला हो रहा है। एक तरफ मौसम की मार से धान की पैदावार कम हुई है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्तर पर धान की खरीद नहीं होने और खाद-बीज की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

 

Sponsored Advertisement

रणधीर यादव ने कहा कि इस वर्ष बारिश की कमी के कारण धान की खेती प्रभावित हुई और किसानों को अपेक्षा से कम उपज मिली। इसके बावजूद किसान किसी तरह धान की फसल तैयार कर अब रबी फसल गेहूं, मक्का, तेलहन और दलहन की बुआई के लिए धान बेचना चाहते हैं। लेकिन पैक्स द्वारा सरकारी नीतियों के कारण धान की खरीद नहीं की जा रही है। मजबूरी में किसानों को स्थानीय व्यापारियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि खेती में इस्तेमाल होने वाले खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। डीएपी खाद का 45 किलो का पैकेट 2300 रुपये से अधिक में मिल रहा है। वहीं मक्का का बीज 750 रुपये प्रति किलो और गेहूं का बीज 80 से 90 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। डीजल की महंगाई के कारण खेत की एक बार जुताई पर प्रति बीघा 2000 रुपये से अधिक खर्च हो रहा है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को सरकारी दर पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जबकि बिचौलियों और दुकानदारों की चांदी कट रही है। किसानों को न तो उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही खेती के लिए जरूरी संसाधन सस्ती दर पर उपलब्ध हो रहे हैं।

 

सीपीएम जिला सचिव ने सरकार से मांग की कि पैक्स के माध्यम से किसानों का धान तत्काल खरीदा जाए और 24 घंटे के भीतर उचित मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खाद, बीज और कीटनाशक दवाएं उचित सरकारी दर पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो सीपीएम किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जवाबदेही सरकार और प्रशासन की होगी।

Related Posts

प्रधानमंत्री के पोस्टर विवाद में RJD की एंट्री, सात सदस्यीय जांच कमेटी गठित, कई बड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैशाली में आयोजित जनसभा के बाद कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर फाड़ने और कथित तोड़फोड़ का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने…

आनंद मोहन प्रकरण में कानून की एकरूपता पर ज्योति कुमार सिंह ने उठाए सवाल, बोले- न्यायपालिका का सम्मान जरूरी, लेकिन आलोचना भी लोकतांत्रिक अधिकार

सहरसा। अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के प्रदेश महासचिव ज्योति कुमार सिंह ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की परिहार से हुई रिहाई का आदेश सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निरस्त किए जाने पर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *