
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैशाली में आयोजित जनसभा के बाद कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर फाड़ने और कथित तोड़फोड़ का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। प्रशासनिक कार्रवाई, प्राथमिकी और कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया है। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की है।
राजद बिहार प्रदेश कार्यालय की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश (पत्रांक-268) के अनुसार, विधायक डॉ. रामानंद यादव को जांच कमेटी का संयोजक बनाया गया है। वहीं, लोकसभा सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, विधायक सह प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, विधायक सुरेंद्र राम और महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रोशन को कमेटी में शामिल किया गया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश में दो अन्य सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
राजद ने आरोप लगाया है कि पोस्टर विवाद के जरिए पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, इस मामले में गिरफ्तार लोगों के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना का मुद्दा उठाते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
इसी क्रम में राजद का प्रतिनिधिमंडल संबंधित क्षेत्र में पहुंचा और स्थानीय स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिकी, गिरफ्तारी और पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से जुड़े पहलुओं को समझने का प्रयास किया। अब पार्टी तथ्यों के आधार पर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार करेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन किया गया था। कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने और तोड़फोड़ का मामला सामने आया। इसके बाद राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी की शिकायत पर रुस्तमपुर थाना में कांड संख्या 46/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
राजद की जांच कमेटी के गठन के बाद अब इस विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। सबकी निगाहें कमेटी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है।





