जामताड़ा। झारखंड स्टेट ओलंपियाड-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जामताड़ा जिले का नाम रोशन करने वाले सात मेधावी छात्र-छात्राओं को शनिवार को सम्मानित किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में कंबाइंड बिल्डिंग स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने सफल विद्यार्थियों को एचपी लैपटॉप, माउस, यूएसबी, बैग, प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
प्रतियोगिता में जामताड़ा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय केलाही के कौशिक गोराई ने अंग्रेजी में 21 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि बेसिक स्कूल मिहिजाम की आयशा परवीन ने 20 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुंडहित प्रखंड के आरके हाई स्कूल अंबा के राहुल लायेक ने विज्ञान में 77 अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं, फतेहपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंझलाडीह के सुमित कुमार पंडित ने गणित में 45 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। नाला प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोहनपुर के सौरव घोष ने सामाजिक विज्ञान में 27 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आरके प्लस टू हाई स्कूल नाला के गोविंदा बक्शी ने अंग्रेजी में 41 अंक प्राप्त कर तृतीय और हर्ष कुमार डोकानिया ने गणित में 43 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने कहा कि झारखंड स्टेट ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग की ओर से लैपटॉप, प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया है। उन्होंने जिले के अन्य छात्र-छात्राओं से भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की और भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग प्रतिभाओं को निखारने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। मौके पर एडीपीओ रश्मि एक्का, एपीओ मनोज कुमार, एपीएम विभाष चन्द्र महतो, लेखापाल अनिल कुमार सहित विनोद राजहंस और कामाख्या कुमार मंडल उपस्थित थे।






