अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान समुदाय की युवतियों और छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। छात्राओं ने शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को बेटियों का अधिकार बताते हुए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
चेतना विकास के बैनर तले आयोजित इस अभियान के तहत फतेहपुर प्रखंड के फतेहपुर, बनगड़ी और निमडांगाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समुदाय की युवतियों और छात्राओं ने भाग लिया। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो ने छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। खासकर कम उम्र में लड़कियों की शादी होने से उनकी शिक्षा बाधित होती है और उन्हें कई तरह की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने छात्राओं से अपनी पढ़ाई जारी रखने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए कानून में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं और ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देकर इसे रोका जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं और प्रतिभागियों को अपने आसपास बाल विवाह की घटनाओं को रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सेविका परवीन बीबी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि बेटियों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना ही एक बेहतर समाज की पहचान है।






