सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। महिषी थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतमाला फोरलेन पर शनिवार की अहले सुबह एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत परिहारा वार्ड नंबर 16 निवासी बबलू राय की 35 वर्षीय पत्नी विभा देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, विभा देवी शुक्रवार की शाम अपने परिजनों के साथ महिषी स्थित प्रसिद्ध संत बाबा कारू खिरहर स्थान पर दूध चढ़ाने पहुंची थीं। पूजा-अर्चना और दूध चढ़ाने के बाद शनिवार की अहले सुबह सभी लोग ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि ऑटो में सात से आठ लोग सवार थे।
इसी दौरान भारतमाला फोरलेन पर तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में विभा देवी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक बच्चा और मृतका का भांजा भी शामिल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही विभा देवी की मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पिकअप चालक के फरार होने से लोगों में नाराजगी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।






