मुजफ्फरपुर। जिले के सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार की दोपहर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अपहरण का एक आरोपी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। फरार बंदी की पहचान पारू थाना क्षेत्र के रामपुर केशव उर्फ मलाही गांव निवासी मिंटू मली के रूप में हुई है। वह 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण के मामले में आरोपी है। साहेबगंज थाने की पुलिस उसे पेशी के लिए कोर्ट लेकर पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी बंदी को लेकर कोर्ट हाजत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसने हाथ से हथकड़ी सरका ली और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही कोर्ट हाजत प्रभारी और सुरक्षाकर्मी उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शी चाय दुकानदार राजू कुमार ने बताया कि उस समय कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं और अन्य लोगों की काफी भीड़ थी। एक पुलिसकर्मी हथकड़ी लगाए बंदी को लेकर जा रहा था। इसी दौरान बंदी धीरे-धीरे हथकड़ी सरकाकर भागने लगा। पीछे मौजूद चौकीदार ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। नगर थाने में चौकीदार राजकिशोर पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि मिंटू मली के खिलाफ 30 अक्टूबर 2025 को साहेबगंज थाने में अपने रिश्तेदार की 13 वर्षीय बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। किशोरी की मां ने आरोप लगाया था कि 28 अक्टूबर को छठ घाट जाने के दौरान मिंटू ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी पहले से ही मोबाइल पर उसकी बेटी को परेशान करता था और विरोध करने पर अपहरण की धमकी देता था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।






