प्रिंस यादव की मौत पर खान सर ने तोड़ी चुप्पी, निष्पक्ष जांच की मांग के साथ जताई साजिश की आशंका



ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में हुई संदिग्ध मौत को लेकर पहली बार खान सर का बड़ा बयान सामने आया है। इस मामले में लगातार उठ रहे सवालों के बीच खान सर ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

खान सर ने वीडियो जारी कर कहा कि प्रिंस यादव की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस दुख की घड़ी में उनकी पूरी संवेदना परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को इस मामले में जल्द से जल्द आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि किसी तरह की अफवाह और भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

खान सर ने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आशंका जताई कि उनके और रौशन आनंद के बीच पहले से चल रहे विवाद का फायदा उठाकर कोई साजिश रची गई हो सकती है। इसलिए मामले की हर पहलू से गहन जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान सार्वजनिक की जानी चाहिए और जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। खान सर ने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

वहीं दूसरी ओर प्रिंस यादव के साथ नेपाल में मौजूद दोस्तों का दावा है कि वह लंबे समय से मानसिक बीमारी की दवा ले रहे थे और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं।

इधर, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। ऐसे में प्रिंस यादव की मौत अब केवल एक पारिवारिक त्रासदी नहीं, बल्कि एक चर्चित और संवेदनशील मामला बन गई है, जिसकी जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Posts

बाबा बैद्यनाथ धर्मपथ पर श्रद्धालुओं को मिली नई सौगात, प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला का भव्य उद्घाटन

श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा और सुविधा के उद्देश्य से बाबा बैद्यनाथ धर्मपथ स्थित प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला का विधिवत उद्घाटन सिमरी…

नवगछिया में बस स्टैंड स्थानांतरण को लेकर बढ़ा विवाद, प्रशासन और बस संचालक आमने-सामने

 भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में बस स्टैंड के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर जिला प्रशासन और नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *