बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा- बेटियों को मिले शिक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर

धनबाद। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को धनबाद के जिला परिषद सभागार में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद और ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता का अवसर देने का संकल्प लिया गया।

 

Sponsored Advertisement

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बेटियों को आगे बढ़ने का समान अवसर देना बेहद जरूरी है। समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त किए बिना मजबूत भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में सबसे पहले इसी संस्था ने बाल विवाह के खिलाफ मुहिम शुरू की थी। संस्था की टीम ने जागरूकता और समर्पण के साथ लगातार काम किया, जिसका परिणाम है कि आज यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। प्रधानमंत्री भी ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं।

 

शारदा सिंह ने कम उम्र में शादी के गंभीर दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि कम उम्र में मां बनने से बच्चियों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है। इसका असर नवजात बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की समस्या केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी इलाकों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं, जो कई बार छिपे रह जाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। कई बहादुर बच्चियों ने अपने बाल विवाह के खिलाफ खुद आवाज उठाकर मिसाल पेश की है। हालांकि, अभी भी जागरूकता की जरूरत है। इसके लिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाना होगा, ताकि हर बेटी सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बन सके।

Related Posts

35 साल बाद आया पूर्व मंत्री नगीना राय हत्याकांड में बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के दोनों पुत्र दोषी करार

गोपालगंज। बिहार के बहुचर्चित पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय हत्याकांड में करीब 35 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायालय ने इस हत्याकांड में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय…

सहरसा में 29 नवंबर को प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित, मत्स्यगंधा रिसोर्ट में सजेगा भव्य समारोह

बिहार कुम्हार प्रजापति सामान्य समिति की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *