सहरसा बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नशामुक्त बिहार अभियान के तहत सहरसा पुलिस ने एक महीने के दौरान व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के साथ नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 27 अक्टूबर 2026 से 26 नवंबर 2026 तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसा।
पुलिस अधीक्षक, सहरसा के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से लगभग 40 हजार नागरिकों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत कुल 497 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ये कार्यक्रम जिले के 497 अलग-अलग स्थलों पर आयोजित हुए। पुलिस ने युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों को समझने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, नशीले पदार्थों एवं शराब की बरामदगी के मामले में भी सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अभियान के दौरान मादक पदार्थ एवं उत्पाद कानून के तहत कुल 85 कांड दर्ज किए गए। इन मामलों में पुलिस ने 73 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1,300 लीटर देसी शराब और 2,783.445 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा 1,377.8 लीटर कोरेक्स, 172.36 ग्राम स्मैक तथा 63.171 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया।
सहरसा पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ आम लोगों को जागरूक करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। पुलिस का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को नशे की लत से बचाकर सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जाए।
सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने और नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की है।






