भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। हथियारबंद बदमाशों ने शादी में शामिल होने पहुंचे तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दो युवकों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद को गोलीबारी की वजह माना जा रहा है। मामले के खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई है।
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरण गंज गांव निवासी सनोज यादव के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 22 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम राहुल अपने दोस्त दीपक और सोनू के साथ बाइक से अपने मामा रामनरेश यादव के घर शादी समारोह में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव पहुंचा था। वहां उसकी मामा की बेटी की शादी थी। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने तीनों दोस्तों पर गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से राहुल और दीपक की मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में इलाजरत सोनू ने ढेमन यादव, उसके भतीजे आशीष यादव समेत तीन-चार अन्य लोगों पर गोलीबारी में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि घटना 24 और 25 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 11 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में पूर्व का विवाद सामने आया है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






