बेगूसराय जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 39 स्थित विष्णुपुर ब्राह्मण टोला का है, जहां चोरों ने कई घरों को निशाना बनाकर स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा घटना में चोरों ने जीतन कुमार मिश्रा के घर से करीब तीन लाख रुपये नकद समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में दहशत और आक्रोश है।
पीड़ित जीतन कुमार मिश्रा ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 173 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए करीब तीन लाख रुपये में गाय बेचकर मिले पैसे भी शामिल थे। उन्होंने घटना से दो दिन पहले ही अपनी गाय बेची थी। जीतन कुमार मिश्रा पुरोहित का कार्य करते हैं। यजमानी के दौरान मिले बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी घर में रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते 5 नवंबर को ग्रामीणों ने चोरी के संदेह में एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। आरोप है कि पुलिस ने अगले ही दिन उसे छोड़ दिया। ग्रामीणों का दावा है कि 23 नवंबर की रात वही संदिग्ध दोबारा मोहल्ले में चोरी की नीयत से पहुंचा और एक घर की छत पर चढ़ने की कोशिश करने लगा।
बताया जाता है कि संदिग्ध की गतिविधियां घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। आहट मिलने पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने काफी दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर गिरफ्तारी करने, चोरी गए सामान की बरामदगी और मोहल्ले में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है और इलाके के लोगों को चोरों के आतंक से राहत मिलती है।






