गया। बिहार के गया में निर्माणाधीन आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। पंचानपुर के समीप खनेटू गांव के पास एक्सप्रेसवे पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आत्मदाह जैसा कदम उठाने की चेतावनी भी दी।
दरअसल, खनेटू गांव के लोगों का कहना है कि उन्हें एक्सप्रेसवे के निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन गांव के पास अंडरपास का निर्माण बेहद जरूरी है। इसको लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन से कई बार मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक, अंडरपास नहीं बनने से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों, मजदूरों और आम लोगों को होगी। खेतों तक पहुंचने के लिए उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ सकता है। वहीं, गांव के श्मशान घाट तक शव ले जाने में भी काफी परेशानी होगी। ऐसे में यह मामला सिर्फ आवागमन का नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सामाजिक जरूरतों से भी जुड़ा है।
ग्रामीण भोला ठाकुर ने बताया कि एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए उनकी जमीनों का अधिग्रहण किया गया है। इसके बावजूद गांव के पास अंडरपास की व्यवस्था नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि इससे खेती-किसानी प्रभावित होगी और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहेगी।
वहीं, ग्रामीण रामानुज कुमार ने बताया कि गांव की आबादी करीब 1500 से 2000 के बीच है। अंडरपास नहीं बनने पर लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी होगी। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर, प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। साथ ही नियमानुसार अंडरपास का विकल्प उपलब्ध होने पर उसे पूरा करने की कोशिश की जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य फिर से शुरू कराया जा रहा है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांग पर विभाग क्या फैसला लेता है।






