झरिया: धनबाद के झरिया स्थित कोयरीबांध इलाके में बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र अंतर्गत राजापुर आउटसोर्सिंग में की गई हैवी ब्लास्टिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ब्लास्टिंग के दौरान माइंस से उड़े बड़े-बड़े पत्थर आसपास की बस्ती में जा गिरे। कई घरों पर पत्थर गिरने से लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, इस घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राजापुर आउटसोर्सिंग क्षेत्र में पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयरीबांध बस्ती से महज 500 मीटर की दूरी पर राजापुर आउटसोर्सिंग माइंस संचालित की जा रही है। यहां आए दिन डीजीएमएस के निर्धारित सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर हैवी ब्लास्टिंग की जाती है। ब्लास्टिंग के दौरान माइंस से पत्थर उड़कर सीधे रिहायशी इलाके में पहुंच जाते हैं। इससे बस्ती में रहने वाले लोगों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि पत्थर गिरने की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। कई बार घरों के आसपास और छतों पर पत्थर गिर चुके हैं। इससे घरों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ बाहर खेल रहे बच्चों के भी चोटिल होने का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके आउटसोर्सिंग प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने आउटसोर्सिंग क्षेत्र में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह की लापरवाही पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि बीसीसीएल प्रबंधन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और बस्ती के लोगों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं।






