सहरसा सौरबाजार थाना के शौचालय में पुलिस अभिरक्षा में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सहरसा: जिले के सौरबाजार थाना परिसर में मंगलवार, 24 नवंबर को पुलिस अभिरक्षा में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि युवक ने थाने के शौचालय में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

 

Sponsored Advertisement

मृतक की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के कचरा गांव के वार्ड संख्या 9 निवासी विजय शर्मा के पुत्र अनमोल शर्मा के रूप में हुई है। अनमोल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी एक साल पहले हुई थी और पत्नी रीना छह महीने की गर्भवती है। युवक की मौत के बाद गर्भवती पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, गांव की ही एक शादीशुदा महिला अनमोल के साथ चली गई थी। इस मामले में महिला के पिता ने 21 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 22 नवंबर को अनमोल और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि अनमोल पिछले दो दिनों से पुलिस हिरासत में था।

 

मृतक की मां सीता देवी का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे बेटे ने फोन कर कहा था कि मां मुझे जल्दी छुड़ा लो। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद उसकी मौत की खबर मिली। मां ने दावा किया कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने थाने के मुंशी पर अनमोल को छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है। परिजनों का कहना है कि अनमोल के पिता पैसों का इंतजाम कर रहे थे।

 

परिजनों ने पुलिस पर बिना सूचना दिए शव को सदर अस्पताल पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। वहीं, सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, थाने के सीसीटीवी फुटेज में अनमोल शौचालय में जाते और अंदर से कुंडी लगाते दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने फंदे से लटककर जान दे दी।

 

इधर, एसपी विक्रम सिहाग ने रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Posts

स्कूल में छात्र और उसके पिता से मारपीट का आरोप, नवहट्टा थाने में केस दर्ज नहीं होने पर डीआईजी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

सहरसा: जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में आठवीं कक्षा के छात्र और उसके पिता के साथ कथित मारपीट तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का…

मोहनपुर मोड़ पर ट्रक ने चांदनी यात्री बस में मारी जोरदार टक्कर, आठ यात्री घायल, दो धनबाद रेफर

जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मोहनपुर मोड़ के समीप मंगलवार को ट्रक और चांदनी यात्री बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में करीब आठ यात्री घायल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *