पलामू। झारखंड के पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बंदला पोखरा, कुटमू गांव निवासी जनार्दन चौधरी की मौत को लेकर उनके बेटे रोहित कुमार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पलामू पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रोहित कुमार के अनुसार, उनके पिता 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पांडू थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। तीन दिन बाद यानी 8 अक्टूबर को बच्चों ने बैरिया टांड़ स्थित एक गड्ढे के पास उनका शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
रोहित ने अपने आवेदन में दावा किया है कि खोजी कुत्ते को मृतक के कपड़े और चप्पल सुंघाए गए, जिसके बाद वह गांव के ही उद्देश विश्वकर्मा के घर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने बबलू विश्वकर्मा, विकास विश्वकर्मा और चिता कुंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को छोड़ दिया गया।
मृतक के बेटे का कहना है कि पुलिस ने बाद में परिजनों को बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की घटना में संलिप्तता नहीं मिली है और जनार्दन चौधरी की मौत पानी में डूबने से हुई है। लेकिन रोहित इस निष्कर्ष से सहमत नहीं हैं। उनका दावा है कि जिस गड्ढे से पिता का शव मिला था, उसमें पानी की गहराई इतनी नहीं थी कि डूबने से मौत हो सके।
उन्होंने पांडू थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ता पर जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। साथ ही मांग की है कि मामले की जांच किसी वरीय पुलिस पदाधिकारी या विशेष जांच टीम से कराई जाए। फिलहाल परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय का इंतजार है।





