कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ गांव में परंपरागत रूप से रास महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। ग्रामस्थ सोलहआना की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे गांव में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर दलाबड़ गांव के काली मंदिर के समीप स्थित यज्ञ मैदान में भगवान श्रीकृष्ण और माता राधिका की अस्थायी प्रतिमाओं के साथ गोपियों एवं सखाओं की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पंडित मृत्युंजय चक्रवर्ती ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आराधना की। धार्मिक अनुष्ठान के चलते पूरा यज्ञ मैदान भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
रास महोत्सव के अवसर पर एक दिवसीय रामायण पाठ का भी आयोजन किया गया। इसमें विख्यात रामायण पाठ वाचक बहादुर कुमार (संप्रदाय) ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामायण का श्रवण कराया। रामायण पाठ सुनने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से रामायण पाठ का आनंद लिया।
इस धार्मिक आयोजन में चंद्र मोहन घोष, सुशील घोष, कृष्णकांत घोष, जितेंद्रनाथ माजी, बुलबुल माजी, कैलाश माजी, रामपद माजी, विद्युत माजी, धरम माजी, दयामय मंडल, नारद घोष, सुकुमार मंडल, झंटू कर्मकार, विशू मांजी और वरुण माजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। रास महोत्सव और रामायण पाठ के आयोजन से दलाबड़ गांव में दिनभर उत्सव एवं भक्ति का माहौल बना रहा।





