कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हाजीपुर के प्रसिद्ध कौनहारा घाट पर आस्था का एक अनोखा और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे, लेकिन इसी बीच घाट पर कुछ ऐसी गतिविधियां भी देखने को मिलीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां महिला और पुरुष तांत्रिक तरह-तरह के अनुष्ठान करते नजर आए। कोई भूत-प्रेत भगाने का दावा कर रहा था, तो कोई मरी हुई आत्माओं से मुक्ति दिलाने और गंभीर बीमारियों को ठीक करने का दावा कर रहा था।
घाट पर मौजूद तांत्रिकों के इन दावों को सुनकर लोग हैरान थे। एक महिला तांत्रिक ने बताया कि वह इस काम के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका दावा था कि उनके ऊपर देवी आती हैं और वह लोगों का भला करती हैं। उन्होंने कहा कि इसी काम से वह अपने परिवार को चलाती हैं और बच्चों को पढ़ाती-लिखाती हैं।
वहीं, एक पुरुष तांत्रिक ने दावा किया कि भूत-प्रेत और आत्माओं के कारण होने वाली परेशानियों का इलाज उनके पास है। उनका कहना था कि जो बीमारी दवा से ठीक होने वाली है, उसका इलाज दवा से ही होना चाहिए, लेकिन जिस बीमारी के पीछे ऊपरी बाधा होती है, उसे वह अपने अनुष्ठान के जरिए ठीक करते हैं।
कौनहारा घाट पर इन अनुष्ठानों को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुटी रही। कुछ लोग पूरी श्रद्धा के साथ तांत्रिकों की बातों पर विश्वास करते नजर आए, तो कुछ लोग इसे अंधविश्वास और लोगों की भावनाओं से जुड़ा मामला मान रहे थे।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आज जब विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार तरक्की हो रही है, तब भी भूत-प्रेत, आत्मा और ऊपरी बाधा के नाम पर इस तरह के दावों पर लोग विश्वास क्यों करते हैं? क्या यह लोगों की गहरी आस्था है या फिर बीमारी, परेशानी और डर से पैदा हुई मजबूरी?
कार्तिक पूर्णिमा पर कौनहारा घाट का यह नजारा एक बार फिर आस्था और अंधविश्वास के बीच की लकीर पर बहस छेड़ गया। हालांकि, तांत्रिकों के बीमारी ठीक करने संबंधी दावों की कोई वैज्ञानिक पुष्टि नहीं है।






