धनबाद। शहर में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को पॉलिटेक्निक रोड स्थित पंपू तालाब के आसपास करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन की नापी और चिह्नीकरण शुरू किया गया। धनबाद अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में चल रहे अभियान में अब तक करीब 150 घर चिह्नित किए जा चुके हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार, जमीन की नापी पूरी होने के बाद चिह्नित मकान मालिकों और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद उन्हें जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होगी। सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का मौका देने के बाद ही अंतिम आदेश पारित किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी मकान को तोड़ने का आदेश नहीं दिया गया है। अभी जमीन की वास्तविक स्थिति पता लगाने और सरकारी भूमि को चिह्नित करने का काम किया जा रहा है।
बताया गया कि पंपू तालाब के आसपास प्रस्तावित छह लेन सड़क परियोजना को लेकर भी जमीन की स्थिति स्पष्ट की जा रही है। इस क्षेत्र की गैरआबाद जमीन के साथ कार्मेल स्कूल के आसपास भी नापी की जा रही है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि पॉलिटेक्निक क्षेत्र और रांगाटांड़ में जमीन का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है। वहीं, पांडरपाला में भी सरकारी जमीन चिह्नित की गई है। आगे की कार्रवाई के लिए इसकी रिपोर्ट रेलवे के डीआरएम को भेजी जाएगी।
फिलहाल प्रशासनिक अभियान के बाद संबंधित इलाकों के लोगों की नजर नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पर टिकी है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही अतिक्रमण को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।





