सहरसा: स्वच्छता से ही स्वच्छ भारत का निर्माण संभव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सर्व नारायण सिंह रामकुमार सिंह महाविद्यालय, सहरसा में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत की गई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से लागू स्वच्छता एक्शन प्लान के तहत 21 से 26 नवंबर तक महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आर्य सिंधु ने कहा कि स्वच्छता से ही स्वच्छ भारत का निर्माण हो सकता है। यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखे।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा नुक्कड़ नाटक, गोद लिए गए गांव में सफाई अभियान, जल निकायों की सफाई, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, दीवार चित्रण, अनुपयोगी वस्तुओं से कलाकृतियों का निर्माण, प्लॉग रन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर, अध्ययन कक्ष और खेल मैदान की साफ-सफाई की। इसके साथ ही स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारती कुमारी, अलका कुमारी, सुमन कुमारी, सुनैना कुमारी और छोटी कुमारी के मंगलाचरण से हुई। वहीं आदित्य कुमार चौधरी, शिवम कुमार, गुलशन कुमार, अम्बर कुमार, कुमार सिंह और अशोक ने स्वच्छता गीत एवं नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस मौके पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. कपिल देव कुमार पासवान सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी और सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।





