
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। विशुनपुरा गांव स्थित शर्मा इंटरप्राइजेज फर्नीचर दुकान में चोरी की यह घटना 11 नवंबर की रात की बताई जा रही है। चोर दुकान का गेट फांदकर अंदर घुसे और फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कीमती औजार, मशीनें और ऑर्डर के लिए रखे 55 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये है।
दुकान मालिक राणा कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के दौरान करीब तीन चोर दुकान में दाखिल हुए थे। चोरों ने दुकान में रखे कीमती उपकरणों और नकदी की चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है।
दुकानदार के मुताबिक, चोरी गए सामान में से करीब सवा लाख रुपये मूल्य का सामान उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक चारदीवारी से बरामद हुआ है। हालांकि, बाकी सामान और चोरी की गई नकदी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
एक सप्ताह बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का आरोप
पीड़ित राणा कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद 11 नवंबर को बिहटा थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया था। आवेदन की रिसीविंग कॉपी उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद उनका आरोप है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। अब उन्हें दोबारा आवेदन देने के लिए कहा जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की घटना की जांच कराने और चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चोरी गए शेष सामान और नकदी की बरामदगी की भी गुहार लगाई है।





