ग्रीनफील्ड सड़क के नए अलाइनमेंट के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा, पूर्व विधायक किशोर कुमार ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सहरसा पटना–पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सिक्स लेन सड़क परियोजना के नए अलाइनमेंट के विरोध में किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की है। पूर्व विधायक सह जन सुराज पार्टी के महासचिव किशोर कुमार ने किसान प्रो. अमरेंद्र यादव के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार को सहरसा समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में रौता, इंदरवा, चिकनी, भादा, कबेला, परास, रामपुर और बरसम सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल थे। इस दौरान एडीएम, डीडीसी, डीसीएलआर और एसडीओ समेत करीब एक दर्जन अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

 

Sponsored Advertisement

मुलाकात के बाद किशोर कुमार ने कहा कि सड़क का पूर्व प्रस्तावित अलाइनमेंट रौता और लगमा के बीच से गुजरना था, लेकिन अब इसमें बदलाव कर चिकनी होते हुए रौता के उत्तर से निकालने का प्रस्ताव है। इससे कबेला, रौता, इंदरवा और रामपुर के डर्बा सहित आसपास के गांवों के हजारों किसान प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नए अलाइनमेंट से किसानों की उपजाऊ जमीन के साथ उनकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो सकता है।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान सड़क परियोजना के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर उनकी जमीन और रोजगार का आधार नहीं छीना जाना चाहिए। उन्होंने मुआवजा दर को अपर्याप्त बताते हुए न्यूनतम बाजार दर (एमबीआर) की दोबारा जांच और उचित मुआवजा देने की मांग की।

 

किसान प्रो. अमरेंद्र यादव ने बताया कि 14 तारीख की बैठक में जिलाधिकारी के समक्ष समस्याएं रखने का निर्णय लिया गया था। अब 22 तारीख को अगली बैठक प्रस्तावित है।

 

वहीं, किसान नेता संतोष कुमार समदर्शी ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कानून 2013 का हवाला देते हुए सामाजिक प्रभाव आकलन और प्रभावित परिवारों से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना में इन प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया गया है।

 

किशोर कुमार ने चेतावनी दी कि किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर मो. अजहर आलम, लक्ष्मी यादव, मो. आबिद हुसैन, जयनारायण साह और नीतीश कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।

Related Posts

सहरसा: बलवाहाट में 201 जरूरतमंद महिलाओं के बीच बांटे गए कंबल, पुष्प वर्षा कर किया सम्मानित

सहरसा जिले के बलवाहाट मुख्य बाजार स्थित मां सरस्वती मंदिर परिसर में बुधवार को शिक्षक सह समाजसेवी विक्रम गुप्ता उर्फ बंटी की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया…

बिहटा में फर्नीचर दुकान से 2.80 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; एक सप्ताह बाद भी FIR दर्ज नहीं होने का आरोप

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। विशुनपुरा गांव स्थित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *